Maharajganj

महराजगंज पुलिस नववर्ष पर अलर्ट, हुड़दंगियों पर कड़ी नजर, होटल-रेस्टोरेंट संचालकों को दी सख्त चेतावनी

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- आगामी नववर्ष को लेकर महराजगंज पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। उत्तर प्रदेश डीजीपी के निर्देशानुसार जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि नववर्ष पर सांस्कृतिक आयोजनों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। हुड़दंग मचाने वाले और शरारती तत्वों से सख्ती से निपटने के लिए व्यापक तैयारी की गई है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बैरिकेडिंग लगाई जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। पुलिस टीम और डायल 112 पूरे जिले में रातभर गश्त पर रहेंगे। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे देर रात तक अपने प्रतिष्ठान संचालित न करें। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों या शरारती तत्वों को प्रवेश न दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अगर किसी भी होटल या रेस्टोरेंट में हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगड़ने की घटना होती है, तो उसके मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। महराजगंज पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि वे नववर्ष का जश्न संयम और शांति के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

यह भी पढ़ें : आईजीआरएस पर डीएम सख्त, असंतोषजनक फीडबैक पर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता समेत 10 अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब